भोपाल। मध्यप्रदेश में सर्दी के मौसम को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। अब विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म से अलग रंग या डिजाइन के स्वेटर अथवा गर्म कपड़े पहनकर स्कूल आने पर कक्षा में प्रवेश से वंचित नहीं किया जा सकेगा।
लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा 18 नवंबर 2025 को जारी आदेश क्रमांक 2266 में स्पष्ट किया गया है कि कुछ विद्यालयों में विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म से अलग रंग या डिजाइन के स्वेटर अथवा गर्म कपड़े पहनकर आने पर कक्षा में बैठने से रोके जाने के मामले सामने आए हैं।
सर्दी में अलग रंग के स्वेटर पहनने पर नहीं रोक सकेंगे स्कूल
जारी निर्देश में कहा गया है कि यदि कोई विद्यार्थी सर्दी के मौसम में किसी दिन निर्धारित गणवेश से अलग रंग या डिजाइन के कपड़े अथवा स्वेटर पहनकर विद्यालय आता है, तो उसे कक्षा में उपस्थित होने से नहीं रोका जाए। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
जूते-चप्पल उतरवाने पर भी लगाई रोक
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि सर्दी के मौसम में विद्यार्थियों को उनके जूते-चप्पल कक्षा के बाहर उतरवाने के लिए बाध्य किया जाता है। इससे विद्यार्थियों का स्वास्थ्य खराब होने की संभावना रहती है। इसलिए किसी भी विद्यार्थी को कक्षा के बाहर जूते-चप्पल उतारने के लिए बाध्य नहीं किया जाए।
सभी जिलों में निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के आदेश
लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग सहित संबंधित प्रशासनिक एवं शिक्षा अधिकारियों को भी भेजी गई है।
इस निर्णय का उद्देश्य सर्दी के मौसम में विद्यार्थियों को राहत देना और यूनिफॉर्म के नाम पर उनकी पढ़ाई में बाधा उत्पन्न होने से रोकना है।


