रिपोर्टर डॉ. सीमा कैथवास
इटारसी। रेलवे स्टेशन इटारसी के नजदीक स्थित वर्षों पुराने बस स्टैंड को बंद किए जाने का मुद्दा अब प्रदेश स्तर तक पहुंच गया है। उक्त विषय को लेकर कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी गज्जू द्वारा अपने कांग्रेसी साथियों के साथ करीब एक माह से भी ज्यादा समय से निरंतर बंद किए गए पुराने बस स्टैंड पर जनहित में बसों के 5 मिनट के पिक एंड ड्रॉप की मांग को लेकर निरंतर आंदोलन कर रहे हैं। कांग्रेस नेता गजानन तिवारी का कहना है कि वह पुरानी इटारसी में तैयार किए गए नवीन बस स्टैंड का विरोध नहीं कर रहे हैं बल्कि उसे आधुनिक बनाए जाने की मांग के साथ वह रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित पुराने बस स्टैंड पर जनहित में यात्री बसों के 5 मिनट के पिक एंड ड्रॉप की मांग कर रहे हैं। प्रशासन उक्त विषय पर तैयार नहीं है जिसके कारण उक्त मामला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
जीतू पटवारी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल तक पहुंच गया है। उक्त गंभीर विषय को लेकर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस समन्वयक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल इटारसी पहुंचे और पत्रकार वार्ता उपरांत वह बंद किए गए पुराने बस स्टैंड पर लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान श्री अग्रवाल के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डन पांडे, गजानन तिवारी, राजेंद्र रज्जू तोमर, बाबू चौधरी, पंकज राठौर, संतोष गुरयानी, नेहा चावरे, प्रवीण गांधी, मुकेश गांधी, हरीश अग्रवाल इत्यादि भी मौजूद रहे। इस दौरान श्री अग्रवाल से बस मालिकों सहित व्यापारियों ने समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि बस स्टैंड बंद किए जाने से उनके रोजगार पर विपरीत प्रभाव पड रहा है। लोगों ने बताया कि आरटीओ का कहना है कि यह तो बस स्टैंड ही नहीं है, जबकि वर्षों से यहां पर बस स्टैंड संचालित हुआ है। नगर पालिका ने यहां पर दुकानें बनाई हैं, सुलभ शौचालय बनाया हुआ है यात्री प्रतीक्षालय बनाया है। प्रतिदिन करीब विभिन्न मार्गों पर चलने वाली 90 बसों का संचालन भी होता रहा है। नगर में यदि दो बस स्टैंड संचालन हो जाए तो भी हमें कोई दिक्कत नहीं है। पुराना बस स्टैंड बंद किए जाने से आम जनता, व्यापारियों, स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों, ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले किसान, महिलाओं, मजदूर ,स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने वाले को भारी दिक्कत हो रही है। जो कि व्यावहारिक नहीं है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों को प्रतिदिन आर्थिक नुकसान और समय की बर्बादी झेलना पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होने वाली बसों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने कहा कि पूरी कांग्रेस आम जनता, व्यापारियों,बस मालिकों, किसानों, विद्यार्थियों, ग्रामीणजनों की समस्याओं के साथ खड़ी है और पुराने बस स्टैंड पर 5 मिनट के पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था की लड़ाई लड़ रही है। पूरी कांग्रेस एकजुट होकर आपकी यह लड़ाई लड़ रही है।


