*निगमायुक्त सुश्री परिहार ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश*
कटनी। देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर शुक्रवार को कटाएघाट मेला परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का शुभारंभ महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं वर-वधु पक्ष के परिजनों की उपस्थिति के बीच वैवाहिक आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष श्री सत्य नारायण अग्रहरि, मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, श्री सुभाष साहू, श्री उमेंद्र अहिरवार, श्रीमती सुमन राजू माखीजा, श्रीमती सीमा श्रीवास्तव, श्री संजू जीवन चौधरी, श्रीमती शकुंतला सोनी, श्रीमती सुमित्रा रावत, एल्डरमैन श्री अम्बरीश वर्मा, श्री अभिषेक शर्मा, श्री अनुराग त्रिसोलिया, समाजसेवी श्री रम्मू साहू, श्री नंद कुमार बरसानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति है।
*व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश*
आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने एवं हितग्राहियों को सुविधाएं सुनिश्चित करने निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कार्यक्रम स्थल एवं पंजीयन काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित रखने तथा विवाह संस्कार संपन्न होने के उपरांत नवयुगलों को विवाह प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता, उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री अनुराग मोदी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आयोजन स्थल पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी एवं समन्वय कर रहे हैं।
*वर-वधु एवं परिजनों की सुविधा के लिए किए विशेष इंतजाम*
समारोह में शामिल होने वाले वर-वधु एवं उनके परिजनों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए आयोजन स्थल पर पंजीयन काउंटर, समुचित बैठक व्यवस्था, विवाह बेदी, वर-वधु के लिए पृथक चेंजिंग रूम, चलित शौचालय, पेयजल सुविधा एवं हेल्प काउंटर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। समारोह में 24 जोड़ों का विवाह संस्कार गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जा रहा है।
आयोजन स्थल पर आगंतुकों की सुविधा, व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अमला सक्रियता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि नवयुगलों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा जीवन के इस महत्वपूर्ण अवसर पर सभी जोड़ों को आत्मीयता, सम्मान एवं उत्साहपूर्ण वातावरण उपलब्ध हो।


