रीठी। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने सीएम हेल्पलाइन की व्यवस्था बनाई है, लेकिन जब शिकायत का समाधान किए बिना ही उसे बंद कर दिया जाए तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।
ऐसा ही एक मामला रीठी क्षेत्र के हरिद्वार गांव के किसान का सामने आया है। किसान का आरोप है कि उसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त नहीं हो रही है। किसान के अनुसार, 3 अगस्त 2025 के बाद से आज तक उसे सम्मान निधि की राशि नहीं मिली है।
शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस
किसान ने अपनी समस्या को लेकर 20 फरवरी 2026 को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत क्रमांक 36904779 है। किसान का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उसकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ और उसे अब तक किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पाया है।
आखिर बिना निराकरण कैसे बंद हुई शिकायत?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब किसान को सम्मान निधि की राशि मिली ही नहीं, तो शिकायत का निराकरण किस आधार पर किया गया? क्या संबंधित अधिकारियों ने किसान से वास्तविक स्थिति जानने की कोशिश की? क्या किसान को उसकी समस्या का समाधान मिला या फिर केवल पोर्टल पर कार्रवाई पूरी कर दी गई?

सीएम हेल्पलाइन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान करना है, न कि शिकायतों को केवल बंद करके आंकड़ों में सुधार दिखाना।
जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब की दरकार
अब सवाल संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से है कि किसान को उसकी सम्मान निधि कब मिलेगी? शिकायत क्रमांक 36904779 पर क्या कार्रवाई की गई और किसान की समस्या का वास्तविक निराकरण कब होगा?
किसान को उसका हक चाहिए, कागजों में समाधान नहीं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में संज्ञान लेकर किसान को राहत दिलाते हैं या शिकायतों के बंद होने का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।
MP NEWS CAST


