कटनी (18 नवम्बर)- जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर ने जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं जिला पंचायत के योजना प्रभारी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के संतुष्टिपूर्वक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सीएम हेल्पलाइन शासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे शासन तक पहुंचाते हैं। अतः प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में उचित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित कर उनकी समस्या का समाधान करें। केवल औपचारिकता निभाने के बजाय शिकायतों का वास्तविक एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों का निराकरण प्रशासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण प्रतिबिंब है। इसलिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर शिकायतों के निराकरण में तेजी लाएं और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।


