कटनी (18 नवंबर) – जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बुधवार को वृत्त विजयराघवगढ़ एवं बड़वारा क्षेत्र में आबकारी अमले द्वारा अवैध हाथ भट्टी मदिरा बनाने के ठिकानों पर दबिश देकर कुल 1510 किलोग्राम महुआ लाहन और 55 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 59 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 9 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के नेतृत्व में टीम ने वृत्त विजयराघवगढ़ के ग्राम बरहट, नरेड़ी, शांतिनगर और बारातीताल किनारे स्थित अवैध शराब निर्माण के ठिकानों की तलाशी ली। इस दौरान करीब 880 किलोग्राम महुआ लाहन और 35 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। महुआ लाहन के नमूने लेने के बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1) क एवं च के तहत 6 प्रकरण दर्ज किए गए।
इसी तरह वृत्त बड़वारा में बरही थाना अंतर्गत ग्राम उभरा, छिंदिया टोला, बरही और जाजगढ़ में चिह्नित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर दबिश दी गई। यहां से 630 किलोग्राम महुआ लाहन और 20 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद हुई। टीम ने महुआ लाहन के नमूने सुरक्षित करने के बाद शेष लाहन को मौके पर नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत 3 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी, वृत्त प्रभारी बड़वारा सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण रतन वरकड़े, वृत्त विजयराघवगढ़ प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, आबकारी उपनिरीक्षक सीमा कोल सहित अन्य आबकारी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


