कटनी- शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर श्री नागेंद्र यादव के संयोजन में जिला स्तरीय महिला योग प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
*मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रतिभागी टीमों का परिचय कराते हुए प्रतियोगिता के नियमों एवं निर्धारित मापदंडों की जानकारी दी गई।
*पांच महाविद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा*
प्रतियोगिता में शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी, शासकीय महाविद्यालय बड़वारा, बरही एवं स्लीमनाबाद की टीमों ने भाग लिया। छात्राओं ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन करते हुए शारीरिक संतुलन, एकाग्रता, अनुशासन एवं दक्षता का परिचय दिया। निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया।
*कन्या महाविद्यालय कटनी ने मारी बाजी*
प्रतियोगिता के परिणामों में शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद की टीम द्वितीय स्थान पर रही। विजेता टीमों को महाविद्यालय परिवार एवं आयोजन समिति द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
*योग से शरीर और मन के बीच स्थापित होता है संतुलन*
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की प्रभावी विधा है। छात्राओं को नियमित रूप से योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
स्पोर्ट्स ऑफिसर श्री नागेंद्र यादव ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अन्य संस्थानों के प्रतिभागियों से अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों की सराहना की।
*आभार प्रदर्शन के साथ हुआ समापन*
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती वंदना मिश्रा ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


