कटनी। बरगवां स्थित किसना हीरा एवं आभूषण केंद्र में हुई लगभग 15 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को लेकर पुलिस की तफ्तीश में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि इस वारदात को अंजाम देने की तैयारी बदमाशों ने काफी पहले से कर रखी थी और घटना से कई दिन पूर्व ही गिरोह के सदस्य कटनी पहुंच चुके थे।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को चार संदिग्धों ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल गणपति प्लाजा में कमरा लेकर ठहराव किया था। होटल में प्रवेश के दौरान इनमें से दो लोगों ने पहचान के तौर पर आधार कार्ड भी जमा कराए थे। अब पुलिस होटल में दर्ज कराए गए दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि आरोपियों ने अपनी वास्तविक पहचान के दस्तावेज दिए थे या फिर फर्जी आधार कार्ड के सहारे होटल में कमरा हासिल किया था। पुलिस इस कड़ी को जोड़कर पूरे गिरोह की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।


