हरदा, कलेक्टर कुमार सत्यम ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में आवश्यक जांच कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती अनुपमा चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव, एसडीएम खिरकिया सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा शैलेन्द्र बड़ोनिया, एसडीएम टिमरनी असवनराम चिरामन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्वेता बम्होरे एवं अशोक डेहरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम धनगांव निवासी मुकेश बड़ौदिया ने गैस रिफिलिंग के बाद सिलेंडर से गैस नहीं आने की शिकायत की। इस पर खाद्य अधिकारी हरदा को समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार हरदा निवासी गजानंद बांके ने अपना गैस कनेक्शन बालाजी गैस एजेंसी से श्री साईंनाथ गैस एजेंसी में स्थानांतरित कराने के संबंध में आवेदन दिया। इस पर भी खाद्य अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हरदा निवासी उमा बाई एवं विक्रम चंदेवा ने अधिक विद्युत बिल आने की शिकायत की। इस पर विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम रान्याखेड़ी निवासी श्रीमती मायाबाई ने खेत तक आवागमन के रास्ते की मांग की। इस पर तहसीलदार हरदा को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। सिराली निवासी रियाज खान ने नल-जल योजना के तहत पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए आवेदन दिया, जिस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सिराली को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह ग्राम मोहनपुर निवासी श्रीमती राधाबाई ने सीमांकन, कब्जा दिलाने एवं नक्शा दुरुस्त कराने की मांग रखी। इस पर तहसीलदार हरदा को प्रकरण की जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
हरदा से श्रीराम कुशवाहा की रिपोर्ट


