कटनी। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगरवासियों को धनतेरस एवं दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि दीपोत्सव का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाने के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखें।
आयुक्त ने कहा कि दीपावली रोशनी और खुशियों का पर्व है, लेकिन त्योहार की खुशियां दूसरों के लिए परेशानी का कारण नहीं बननी चाहिए। आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतें तथा ध्वनि एवं वायु प्रदूषण से बचने के लिए पर्यावरण अनुकूल तरीके अपनाएं।
उन्होंने नागरिकों से घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में एकत्रित कर निगम के कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपने, सफाई मित्रों का सहयोग करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की।
आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनभागीदारी और आपसी सहयोग से ही कटनी को स्वच्छ, स्वस्थ, सुरक्षित एवं सुंदर शहर बनाया जा सकता है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि दीपावली की खुशियों के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लें, ताकि सभी के सहयोग से शहर में स्वच्छ एवं सुरक्षित दीपोत्सव की खुशियां रोशन हो सकें।


