कटनी – धनतेरस एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार को बस स्टैंड सहित अन्य स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने बस स्टैंड परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखना आवश्यक है।
*समझाइश के बाद भी नियम तोड़ने वालों पर करें चालानी कार्रवाई*
महापौर ने निर्देशित किया कि दुकानदारों एवं नागरिकों को स्वच्छता नियमों का पालन करने के लिए लगातार समझाइश दी जाए। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फैलाने एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए अर्थदंड लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
*समय पर कचरा उठाव एवं नियमित नाली सफाई सुनिश्चित करें*
महापौर ने बस स्टैंड सहित डॉ. विकास गुप्ता के समीप स्थित गली एवं आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में समय पर कचरा संग्रहण एवं उठाव सुनिश्चित किया जाए तथा नालियों की नियमित सफाई कराई जाए। साथ ही सार्वजनिक एवं रहवासी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए।
*स्वच्छता में नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी*
महापौर ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर कटनी का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, स्वच्छता नियमों का पालन करें और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। त्योहारों के इस पावन अवसर पर हमारा प्रयास है कि कटनी का हर कोना साफ, स्वच्छ और सुंदर नजर आए। नगर निगम की पूरी टीम मुस्तैदी से काम कर रही है, लेकिन शहर को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, इस त्योहार हम सब मिलकर कटनी को स्वच्छ बनाने का संकल्प लें।
निरीक्षण के दौरान मेयर-इन-काउंसिल सदस्य श्री जय नारायण निषाद, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री निशांत कनौजिया सहित क्षेत्रीय वार्ड दरोगा एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।


