MP NEWS CAST मनीष गौतम 8989858230
कटनी। पश्चिम मध्य रेलवे के निर्देश पर कटनी रेलवे स्टेशन में सोमवार, 5 अक्टूबर को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत सुबह 8 बजे हुई, जिसमें जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडल से आए टिकट जांच दलों ने स्टेशन परिसर में व्यापक जांच की।
टिकट जांच कर्मचारियों ने ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और स्टेशन के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर यात्रियों के टिकटों की जांच की। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले तथा नियमों के विपरीत यात्रा कर रहे यात्रियों के खिलाफ रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी चेकिंग टीम के साथ मौजूद रहे।
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में संचालित कैटरिंग स्टॉल और वेंडरों की भी जांच की गई। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा अनधिकृत गतिविधियों पर रोक लगाना रहा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के निर्देश पर जबलपुर मंडल के प्रमुख रेलखंडों, विशेषकर जबलपुर–कटनी–मैहर–सतना के बीच टिकट जांच को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक संदीप श्रोती को कटनी स्टेशन पर तैनात किया गया, जिन्होंने प्राप्त निर्देशों के अनुसार टिकट जांच कर्मचारियों की टीमों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया।
अभियान के दौरान प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उड़नदस्ता के कटनी प्रभारी धीरेंद्र दाहिया सहित जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडल के कुल 34 टिकट जांच कर्मचारियों ने करीब 20 ट्रेनों की जांच की।
जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा, बिना बुक किए लगेज, अनधिकृत वेंडिंग तथा रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। कुल 320 यात्रियों से 2 लाख 15 हजार रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई और संबंधित यात्रियों को नियमानुसार रसीद जारी की गई।
क्षेत्रीय प्रबंधक कटनी रोहित सिंह और स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे ने बताया कि यात्रियों की सुविधा बनाए रखने, रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने और रेल राजस्व की सुरक्षा के लिए इस तरह के सघन टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


