कटनी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारी शिविर के पूर्व संबंधित क्षेत्र का कम से कम एक बार मैदानी भ्रमण अवश्य करें। अधिकारी स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं, नागरिकों की शिकायतों तथा लंबित प्रकरणों की वास्तविक स्थिति की जानकारी लें और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए अधिकारी केवल कार्यालयीन स्तर पर समीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि मैदानी स्तर पर पहुंचकर समस्याओं की जानकारी लें और उनके निराकरण की प्रभावी मॉनिटरिंग करें।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
कलेक्टर श्री तिवारी ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुये सभी विभागों को लंबित शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 9 अक्टूबर को रीठी में आयोजित होने वाले आगामी शिविर हेतु चयनित सीएम हेल्पलाइन एवं लोकसेवा गारंटी अधिनियम की शिकायतों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में लायें अपेक्षित प्रगति
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अनमोल पोर्टल पर गर्भवती माताओं की एएनसी जांच एवं एनीमिया के मामलों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की।उन्होंने विशेष रूप से पीएम स्वनिधि योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में समस्त एसडीएम, जिला कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल गफ्फार, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री रवि सिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, डीआईओ श्री प्रफुल्ल श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी श्री मृगेन्द्र सिंह, सहायक संचालक शिक्षा श्री राजेश अग्रहरि, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


