*बड़वारा में सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान वितरित किए गए CCL राशि के चेक*
कटनी (3 अक्टूबर)- कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के कुशल मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बड़वारा में आयोजित कार्यक्रम में 45 स्व-सहायता समूहों को 1 करोड़ 35 लाख रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट (CCL) राशि के चेक स्व सहायता समूह की महिलाओं को विधानसभा बड़वारा के लोकप्रिय विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह ने वितरित किए । कार्यक्रम में बड़वारा विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक एवं जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी ने बताया कि CCL राशि से समूहों को व्यवसाय एवं आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए कार्यशील पूंजी उपलब्ध होगी। समूह इस राशि का उपयोग कच्चे माल की थोक खरीदी, उत्पादन बढ़ाने, पैकेजिंग एवं विपणन को मजबूत करने तथा नए आजीविका अवसर विकसित करने में कर सकेंगे। इससे उत्पादन एवं बिक्री बढ़ने के साथ समूहों की आय में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।
*उत्पादों के स्टॉल लगे*
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे मशरूम, मशरूम पाउडर, मशरूम अचार, मशरूम बिस्कुट, धनिया पाउडर, मसाले, घी, दाल सहित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। स्थानीय संसाधनों और समूह की सामूहिक क्षमता से तैयार इन उत्पादों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
*सीसीएल सुविधा से लाभ*
CCL की सुविधा से समूहों की बैंकिंग एवं क्रेडिट हिस्ट्री मजबूत होगी। समय पर लेन-देन और ऋण का पुनर्भुगतान करने से भविष्य में अधिक बैंक ऋण प्राप्त करने की क्षमता भी विकसित होगी। साथ ही समूह के सदस्यों को आवश्यकता के समय आंतरिक ऋण उपलब्ध होने से महंगे अनौपचारिक ऋण पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। CCL वितरण से ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार और स्थायी आजीविका के अवसरों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
*इनकी रही मौजूदगी*
इस अवसर पर अपर कलेक्टर कटनी, तहसीलदार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बड़वारा,मंडल अध्यक्ष बड़वारा श्री अनुराग गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विलायतकला श्री अजय सोनी,सहित श्री सूर्यप्रताप बघेल, बीएम श्री अमित सिंह, श्री महेंद्र तिवारी सहित NRLM टीम के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्व-सहायता समूहों की सदस्य महिलाएं उपस्थित रहीं।


