माधव नगर में 9 एवं 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले परम श्रद्धेय सतगुरु बाबा नारायण शाह साहिब, सतगुरु बाबा माधव शाह साहिब के वर्सी मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और जन सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विगत दिवस एक आदेश जारी कर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं का दायित्व सौंपते हुए समय-सीमा में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को संपूर्ण व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उनके मार्गदर्शन में मेले के दौरान माधव नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों एवं आसपास की सड़कों की आवश्यक मरम्मत एवं पेंचवर्क कार्य, सीवर लाइनों के गड्ढों का सुधार, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले के प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया है।
दोनों समय होगी विशेष सफाई, कचरा प्रबंधन के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र एवं आसपास के मार्गों पर प्रतिदिन दो बार सफाई कराने के साथ ही कीटनाशक दवाओं एवं रासायनिक धुआं का छिड़काव करने के निर्देश दिए है। नियमित रूप से कचरा उठाने के साथ पर्याप्त संख्या में कचरा पात्र एवं डस्टबिन रखवाए जाएंगे। श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फैलने से रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। मेला समिति से समन्वय स्थापित कर विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त डस्टबिन एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के साथ ही पशुओं के विचरण पर नियंत्रण के लिए पेट्रोलिंग करने हेतु निर्देशित किया गया है।
अतिक्रमण हटाने और निर्बाध यातायात पर रहेगा विशेष जोर
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अतिक्रमण प्रभारी को मेला मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई कर मार्गों को बाधा मुक्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अग्निशमन विभाग को मेले के दौरान फायर ब्रिगेड वाहन एवं आवश्यक अमले की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सभी विभागों को समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा मेला आयोजन से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सौंपे गए दायित्वों का प्राथमिकता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण की जाए तथा तैयारियों की प्रगति से वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से अवगत करने के निर्देश दिए है।


