कटनी, 27 सितम्बर 2026। प्रवर अधीक्षक डाकघर, जबलपुर संभाग के मार्गदर्शन में भारतीय डाक विभाग द्वारा दीनदयाल स्पर्श योजना के अंतर्गत लिखित क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एन.के.जे. कटनी में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 115 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सेंटर इंचार्ज सहायक अधीक्षक डाकघर (ASP) जबलपुर श्री लवकुश परते, उप निरीक्षक डाकघर (SDI) कटनी श्री संतोष साहू, पोस्टमास्टर कटनी श्री गगन मुड़ोतिया सहित सभी इनविजिलेटर, क्लेरिकल स्टाफ एवं एमटीएस कर्मचारियों ने परीक्षा के सफल संचालन में सराहनीय भूमिका निभाई।
भारतीय डाक विभाग ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एन.के.जे. कटनी के प्राचार्य श्री पंकज जैन एवं परीक्षा प्रभारी श्री सी वी यादव के सहयोग के लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया। उनके समन्वय एवं सहयोग से परीक्षा का आयोजन अत्यंत व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
दीनदयाल स्पर्श योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह (फिलेटली) के प्रति रुचि विकसित करना, भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं विरासत से परिचित कराना तथा उनकी रचनात्मक एवं बौद्धिक क्षमता का विकास करना है। भारतीय डाक विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जाता है।


