कटनी (25 सितंबर)- गणेश उत्सव के समापन अवसर पर गोकुलधाम सोसायटी राहुल बाग के श्रद्धालुओं ने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश को भावपूर्ण विदाई दी। रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच गणपति बप्पा के विसर्जन के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया तथा अगले वर्ष पुनः पधारने की मंगलकामना की।
विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। श्रद्धालुओं ने नृत्य और भक्ति भाव के साथ गणपति बप्पा को विदाई दी। समिति के सदस्य उत्साह और उमंग के बीच जमकर थिरके।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से परिवार एवं समाज में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गणेश प्रतिमा विसर्जन से पूर्व महाआरती, प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन भी किया गया।
गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में दिखाई दिया उत्साह और उमंग विसर्जन के समय भावुकता में बदल गया। भक्तों ने नम आंखों से अपने आराध्य को विदाई देते हुए कहा— “बप्पा, अगले वर्ष फिर आना।” इस दौरान दशरथ अग्रवाल, लक्ष्मी योगेंद्र कुमार असाटी, पुष्पा बलवंत नेगी, ज्योति पीयूष विजयवर्गीय,संध्या वीरेंद्र द्विवेदी, रूबी संजीव सिंह, माया अवतार सिंह टुटेजा, रिंकी आनंद सरावगी, प्रीति कौशल जायसवाल, अलका अविनाश अग्रवाल, मीनाक्षी सुधीर गुप्ता,सोनल अमित अग्रवाल, ममता संजय अग्रवाल,मौसम, आकाश, डाल,कृष्णा एवं अन्य श्रद्धालु भक्तों की सैकड़ो की संख्या में मौजूदगी रही।
विसर्जन के दौरान प्रशासन एवं आयोजन समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। श्रद्धालुओं ने भी शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
भक्ति, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुआ गणेश उत्सव, अब अगले वर्ष बप्पा के आगमन का इंतजार रहेगा।


