*योगेश गजभिये पांढुरना*.जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, उत्पादन, परिवहन एवं खेती पर प्रभावी रोकथाम तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एनकॉर्ड (N-CORD) जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में पुलिस एवं संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की नियमित निगरानी करते हुए नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पान ठेलों, चाय दुकानों एवं संदिग्ध स्थानों की होगी नियमित जांच
निर्देशों के तहत जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पान के ठेलों, चाय की दुकानों सहित अन्य संदिग्ध स्थानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम, कस्बों एवं नगरीय क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के विक्रय एवं वितरण की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं उत्पादन पर निगरानी
पुलिस एवं वन विभाग को जंगल, ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में गांजा सहित अन्य मादक पौधों की अवैध खेती एवं उत्पादन की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध खेती अथवा उत्पादन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
अवैध मदिरा के विक्रय एवं परिवहन पर कार्रवाई
आबकारी विभाग को ग्राम एवं कस्बाई क्षेत्रों में अवैध रूप से की जा रही मदिरा की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अवैध मादक पदार्थों एवं मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में निगरानी के निर्देश
रेलवे विभाग को ट्रेनों में यात्रियों के सामान तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की संभावनाओं को रोकना तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित विभागों तक पहुंचाना है।
कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश
बैठक में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर पर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा एवं नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पांढुर्णा अलका एक्का सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

