कटनी। गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने नगर निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। पर्व के मद्देनजर बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए निगम की अतिक्रमण टीम गुरुवार सुबह से ही मुख्य मार्गों पर सक्रिय रही। टीम ने सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित हॉकर्स जोन में शिफ्ट करने की कार्यवाही की।
प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी श्री मानेन्द्र सिंह ने बताया कि गुरुवार प्रातः निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा आजाद चौक, शेर चौक, झंडा बाजार, गांधी द्वार, सुभाष चौक, स्टेशन रोड, महारानी लक्ष्मीबाई तिराहा, स्टेट बैंक तिराहा, जिला चिकित्सालय मार्ग एवं कोतवाली तिराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाया गया। इस दौरान मार्गों पर दुकानें लगाकर यातायात बाधित करने वाले फुटकर सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित हॉकर्स जोन में व्यवसाय करने हेतु भेजा गया।
अभियान के दौरान अन्य व्यवसायियों को भी निर्धारित सीमा के भीतर रहकर व्यवसाय करने की हिदायत दी गई। निगम अमले ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
व्यवसायियों से अपील की गई कि वे निर्धारित स्थलों पर ही अपनी दुकानें लगाएं और गणेश उत्सव के दौरान नागरिकों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।
निगम प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान बाजार क्षेत्रों में भीड़ के बावजूद नागरिकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को आवागमन में असुविधा से बचाना तथा नगर की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। इसके लिए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।


