छिंदवाड़ा। कुण्डीपुरा थाना पुलिस ने ग्राम माल्हनवाड़ा स्थित शासकीय हाई स्कूल में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया साउंड सिस्टम, 32 इंच की LCD तथा 65 इंच का LG कंपनी का इंटरएक्टिव पैनल बरामद किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को शासकीय हाई स्कूल माल्हनवाड़ा के प्राचार्य राजेन्द्र कुमार तिवारी ने कुण्डीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को स्कूल में अवकाश था। इसी दौरान रात करीब 3:30 बजे अधीनस्थ शिक्षक पुरुषोत्तम पटेल ने फोन कर स्कूल का ताला टूटे होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर स्कूल से टकारा कंपनी का साउंड सिस्टम, 32 इंच की LCD और LG कंपनी का 65 इंच का इंटरएक्टिव पैनल गायब मिला।
प्राचार्य की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 642/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र भगत ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। पूछताछ में अखिल भारती (19), निवासी ग्राम माल्हनवाड़ा और प्रभात उर्फ राजा (18), निवासी कालीबस्ती, थाना कुण्डीपुरा द्वारा चोरी की वारदात करना स्वीकार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय छिंदवाड़ा में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
अखिल भारती पिता भारत भारती, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम माल्हनवाड़ा, थाना कुण्डीपुरा, जिला छिंदवाड़ा।
प्रभात उर्फ राजा पिता संजू डेहरिया, उम्र 18 वर्ष, निवासी कालीबस्ती, थाना कुण्डीपुरा, जिला छिंदवाड़ा।
बरामद सामग्री:
टकारा कंपनी का साउंड सिस्टम, 32 इंच LCD तथा LG कंपनी का 65 इंच इंटरएक्टिव पैनल, कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये।
पुलिस टीम की भूमिका:
कार्रवाई में निरीक्षक महेन्द्र भगत, थाना प्रभारी कुण्डीपुरा, उपनिरीक्षक अरविन्द बघेल, प्रधान आरक्षक मुरली मनोहर, आरक्षक जीवन रघुवंशी, दुर्गा बरकड़े, संजय तुरकर, गजानंद मरपि, राजपाल बघेल, सतेन्द्र तथा साइबर सेल के नितिन सिंह एवं आदित्य रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।


