डीएलसीसी की बैठक में स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिये निर्देश
🔳कटनी – शासन की स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े सभी विभाग बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। ऋण एवं सहायता से संबंधित प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और उनका शीघ्र निराकरण करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरत कौर, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह चौहान, लीड बैंक मैनेजर श्री मेजरस किंडो, आरबीआई एलडीओ श्री धीरज गुप्ता, नाबार्ड डीडीएम श्री विकास कुमार जैन, आरसेटी डायरेक्टर श्री पवन कुमार गुप्ता सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं बैंकर्स उपस्थित रहे। इसके अलावा उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), आदिम जाति कल्याण तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन सहित अन्य स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री तिवारी ने योजनाओं के तहत स्वीकृत प्रकरणों तथा बैंकों में लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि शासकीय योजनाओं का मूल उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को समय पर आर्थिक सहायता एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभागीय अधिकारी और बैंकर्स आपसी समन्वय से कार्य करें। हितग्राहियों के प्रकरणों में अनावश्यक देरी न हो और पात्र प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
*उत्कृष्ट कार्य के लिए बैंक अधिकारियों का सम्मान*
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने पर भारतीय स्टेट बैंक, कटनी के रीजनल मैनेजर तथा इंडियन ओवरसीज बैंक, कटनी के शाखा प्रबंधक को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


