कटनी। कुठला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक इलेक्ट्रिक ऑटो से 61.56 लीटर देशी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा इलेक्ट्रिक ऑटो को भी जब्त किया है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 34 हजार 200 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को कुठला थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ऑटो में भारी मात्रा में शराब भरकर लमतरा ब्रिज की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लमतरा ओवरब्रिज के पास घटखिरबा रोड पर रेलवे लाइन किनारे घेराबंदी की। इस दौरान ऑटो क्रमांक MP21ZJ8883 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ऑटो के अंदर बीच में रखे 7 खाकी रंग के कार्टून बरामद हुए। इनमें देशी लाल एवं सफेद शराब के कुल 342 पाव मिले। पुलिस ने शराब की कुल मात्रा 61.56 लीटर बताई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 34,200 रुपये है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा कंपनी के इलेक्ट्रिक ऑटो की कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ऑटो में सवार राजेश कुमार यादव (32), पिता संजय यादव, निवासी पिपरहटा, हाल कन्हवारा, थाना कुठला को गिरफ्तार किया। मामले में थाना कुठला में अपराध क्रमांक 833/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
4.34 लाख रुपये का मशरूका जब्त
कार्रवाई में पुलिस ने 7 पेटी देशी शराब, कुल 61.56 लीटर, कीमत करीब 34,200 रुपये तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो कीमत करीब 4 लाख रुपये जब्त किया। कुल जब्ती 4,34,200 रुपये की बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक श्यामनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक राहुल मिश्रा, सुनील पाण्डेय, मोनी गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


