रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी
नर्मदा जल से भरी कांवड़ लेकर उमरियापान से भरभरा आश्रम पहुंचे श्रद्धालु, डीजे की धुन पर गूंजे बम-बम भोले के जयकारे
उमरियापान:-सावन महीने के अंतिम सोमवार को माँ नर्मदा कांवड़ यात्रा समिति उमरियापान के तत्वावधान में संत श्री बनवारी दास महाराज के सानिध्य में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ियों ने हरदी स्थित नर्मदा नहर तट से पवित्र जल भरकर करीब 8 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए भरभरा आश्रम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा उमरियापान-टोला मार्ग से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। स्थानीय समाजसेवियों द्वारा यात्रियों के लिए फल, शीतल जल और दूध वितरण के स्टॉल लगाए गए। डीजे पर बज रही भक्ति धुनों के बीच हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। यात्रा में भगवान शिव-पार्वती की आकर्षक जीवंत झांकी भी शामिल रही। झांकी में भोलेनाथ के साथ उनके गण, नंदी और शेर को दर्शाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भरभरा आश्रम पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का नर्मदा जल से अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। कांवड़ यात्रा में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां भी उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।


