बैठक में अनुपस्थित रहने पर हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी करने के दिये निर्देश
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने किसानों की फार्मर आईडी बनाने एवं डिजिटाइजेशन कार्य में लापरवाही बरतने पर स्लीमनाबाद तहसीलदार की दो वेतन वृद्धि व विजयराघवगढ़ तहसीलदार की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे सर्किलवार पटवारियों के साथ बैठक आयोजित कर फार्मर आईडी बनाने के कार्य में तेजी लायें। उन्होंने दो टूक हिदायत दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों एवं पटवारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही होगी।
इस दौरान वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार एवं अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने समय-सीमा बैठक के दौरान बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी करने और म.प्र. हाउसिंग बोर्ड के एमडी को भी पत्र लिखकर अवगत कराने के निर्देश दिए।
कम प्रगति पर जताया असंतोष*
कलेक्टर श्री तिवारी ने पैक्स सदस्यता अभियान के तहत कम पंजीयन होने पर सहकारी बैंक के नोडल जयति बिलथरिया के प्रति गहन असंतोष व्यक्त किया और पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने फार्मर आईडी से खसरा लिंक कार्य में कम प्रगति और पीएम किसान योजना के तहत पंजीयन की धीमी गति पर राजस्व अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुये अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत किसानों का पंजीयन बढ़ाने की हिदायत दी। इसी प्रकार नामांतरण, बंटवारा एवं अभिलेख दुरूस्ती से जुड़े लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अभिलेख दुरूस्ती का कोई भी मामला एक साल से अधिक का लंबित नही रहना सुनिश्चित किया जाए।
*कन्हवारा शिविर से पहले लंबित प्रकरणों का करें निराकरण*
कलेक्टर श्री तिवारी ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत मुड़वारा विधानसभा के कन्हवारा क्लस्टर में आयोजित होने वाले आगामी शिविर के पूर्व सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं आवेदनों का समय रहते निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकतम प्रकरणों का निराकरण पूर्व में ही कर लिया जाए तथा शेष मामलों का समाधान शिविर स्थल पर किया जाए।
लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों का गंभीरतापूर्वक और प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुये इनके निराकरण के निर्देश संबंधित जनपद सीईओ को दिये।
स्वास्थ्य विभाग को दिए निर्देश
कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल में गर्भवती माताओं की एएनसी जांच सहित, एनीमिया के मामलों की समीक्षा करते हुये बहोरीबंद एवं बरही बीएमओ को इस कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि वे जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरो में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए ताकि उन्हें स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सके। कलेक्टर श्री तिवारी ने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुये टीबी अधिकारी को पोर्टल पर डाटा अद्यतन करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत सीडीपीओ रीठी और ढ़ीमरखेड़ा को पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर भी चर्चा की। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ व सीडीपीओ को आपस में समन्वय कर नए जन्म प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा
कलेक्टर श्री तिवारी ने पीएम स्वनिधि, उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, आदिम जाति कल्याण विभाग की डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना एवं बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उन्नयन योजना, मत्स्य विभाग तथा एनआरएलएम योजनाओं के अंतर्गत लंबित एवं स्वीकृत प्रकरणों की समीक्षा की और सभी विभागों को शीघ्र लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में समस्त एसडीएम, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, उपसंचालक कृषि खेलावन डेहरिया, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पाण्डेय, सहायक आयुक्ता सहाकारिता राजयशवर्धन कुरील, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्सोद्योग आशीष नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


