पन्ना शहर के पहाड़कोटी स्थित अटल पार्क में सजग युवा संगठन के सदस्यों की सतर्कता और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, संगठन के सक्रिय सदस्य दिव्यांश चौबे, शरद तिवारी, मुकद्दम सिंह बुंदेला और महाराणा प्रताप जब पार्क का भ्रमण कर लौट रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति अपनी पत्नी और मासूम बच्ची के साथ अमानवीय तरीके से मारपीट कर रहा है। वह व्यक्ति न केवल महिला को जूतों-चप्पलों से प्रताड़ित कर अभद्रता कर रहा था, बल्कि उसे पहाड़कोटी की ऊंचाई से नीचे फेंकने की धमकी भी दे रहा था। इस गंभीर स्थिति को भांपते हुए चारों युवाओं ने बिना समय गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला। दिव्यांश चौबे और शरद तिवारी ने आगे बढ़कर उस उग्र व्यक्ति को मजबूती से काबू में किया, वहीं महाराणा प्रताप और मुकद्दम सिंह ने डरी-सहमी मां-बेटी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। युवाओं की इस त्वरित सूचना पर पुलिस दल महज पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंचा और आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू की। लक्ष्य मिश्रा एवं वीर प्रताप सिंह बागरी के नेतृत्व में समाज सेवा और जन-जागरूकता के उद्देश्य से काम कर रहे सजग युवा संगठन के सदस्यों द्वारा दिखाई गई इस सूझबूझ, बहादुरी और मानवीय संवेदनशीलता की आज पूरे पन्ना शहर में मुक्तकंठ से सराहना हो रही है।


