कटनी – मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी के सेक्टर हीरापुर-कौड़िया अंतर्गत ग्राम बिछिया में नवांकुर संस्था साध्वी जनकल्याण समिति के तत्वावधान में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। बरसते पानी के बीच निकाली गई यात्रा में महिलाओं ने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम के रंगमंच पर नवांकुर सखियों द्वारा भजन गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष नितिन पांडेय, विशिष्ट अतिथि विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र, ग्राम सरपंच प्रतिनिधि अनिल पटेल एवं बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर.एल. चौधरी उपस्थित रहे।
विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हरियाली यात्रा का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
मुख्य अतिथि नितिन पांडेय ने जन अभियान परिषद की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक नवांकुर सखी को एक पौधा उपहार स्वरूप लेकर उसे सुरक्षित स्थान पर रोपित करना चाहिए। साथ ही पौधे की नियमित देखरेख कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद नवांकुर सखियों ने सिर पर कलश और हाथों में पौधे लेकर बैंड-बाजों की धुन के साथ बरसते पानी में हरियाली यात्रा निकाली। ग्राम भ्रमण के दौरान महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारे लगाकर ग्रामीणों को पौधारोपण और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम संयोजक एवं नवांकुर संस्था साध्वी जनकल्याण समिति की अध्यक्ष साध्वी निगम, सदस्य प्रिया रॉय, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बिछिया के अध्यक्ष विजय यादव एवं सचिव अशोक यादव सहित भनपुरा नंबर-1 की समिति अध्यक्ष राधा विश्वकर्मा, सचिव राजकुमारी चौधरी, हिरवारा की समिति सदस्य आशा बर्मन, सरसवाही समिति अध्यक्ष संत कुमार सेन, सचिव सौरभ विश्वकर्मा तथा नगर विकास प्रस्फुटन समिति के प्रतिनिधि अभिषेक मिश्रा, रोशनी कुशवाहा, शिवकुमार चौधरी एवं माया गुप्ता का आयोजन में विशेष सहयोग रहा।
हरियाली यात्रा में सेक्टर की नवांकुर सखियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#drmohanoffice51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


