पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश
कटनी – मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड बहोरीबंद के सेक्टर तेवरी अंतर्गत ग्राम अमोच में नवांकुर संस्था युवा जन सेवा समिति तेवरी एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अमोच के संयुक्त तत्वावधान में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवांकुर सखियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर युवा जन सेवा समिति तेवरी द्वारा करीब 100 नवांकुर सखियों को एक-एक पौधा एवं मुनगा के बीज वितरित किए गए। संस्था अध्यक्ष बसंत जायसवाल ने सभी नवांकुर सखियों को पौधों एवं बीजों को सुरक्षित स्थान पर रोपित कर उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प दिलाया।
ग्राम पंचायत सरपंच नरेश दहायत ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की जानकारी देते हुए पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया। साथ ही ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। परामर्शदाता विनोद सिंह ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की जानकारी दी।
कार्यक्रम के बाद नवांकुर सखियों ने सिर पर कलश एवं हाथों में पौधे लेकर ढोल-बाजे के साथ हरियाली यात्रा निकाली। वहीं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ग्रामीणों की सहभागिता से तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
ब्लॉक समन्वयक अरविन्द शाह ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता, अखंडता और गौरव का संदेश है। उन्होंने सभी से तिरंगे की आन, बान और शान को सदैव ऊंचा रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन नरेश दहायत ने किया। आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक अरविन्द शाह ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच नरेश दहायत, सचिव प्रकाश यादव, रोजगार सहायक दिनेश पांडेय, संस्था अध्यक्ष बसंत जायसवाल, सचिव रामशरण जायसवाल, सेक्टर प्रभारी रविन्द्रनाथ झारिया, परामर्शदाता विनोद सिंह, समिति सदस्य राकेश दहायत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#drmohanoffice51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


