MP NEWS CAST ManishGautam 9993205230
कटनी (13 अगस्त)-शहर की स्वच्छता व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने वार्डवार सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार का समझौता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक एम.आई सी सदस्य प्रभारी स्वास्थ्य सुभाष साहू, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, स्वच्छता निरीक्षक, उप स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं संबंधित लिपिक उपस्थित रहे।
*वार्डवार सफाई कार्य एवं संसाधनों की ली जानकारी*
महापौर ने प्रत्येक वार्ड में संचालित सफाई कार्यों की जानकारी लेते हुए सफाई कर्मचारियों की संख्या, उनके कार्यक्षेत्र, हाथ ठेलों सहित उपलब्ध अन्य आवश्यक संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जाए।
*सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर करें चालानी कार्रवाई*
महापौर श्रीमती सूरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का कचरा दिखाई नहीं देना चाहिए। सड़क पर कचरा फेंकने वाले नागरिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी और सहभागिता बेहद आवश्यक है।
*कचरा संग्रहण एवं सफाई व्यवस्था नियमित रखने के निर्देश*
महापौर ने सभी वार्डों में नियमित रूप से कचरा वाहन भेजने तथा घर-घर से कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
*आगामी पर्वों को देखते हुए चलायें विशेष सफाई अभियान*
बैठक में महापौर ने आगामी पर्व एवं त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों एवं अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए अतिरिक्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
*जनभागीदारी से स्वच्छता को और प्रभावी बनाने पर जोर*
महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता व्यवस्था में निरंतरता, संसाधनों का बेहतर प्रबंधन और मैदानी स्तर पर प्रभावी निगरानी के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सहभागिता से ही इसे स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सकता है। इसलिए निगम के सफाई प्रयासों के साथ नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने के लिए निरंतर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।
*नियमित रूप से फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश*
महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मच्छरों के प्रकोप की रोकथाम एवं नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वार्डवार नियमित रूप से फॉगिंग अभियान चलाया जाए। विशेषकर ऐसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाए जहां मच्छरों का प्रकोप अधिक है। उन्होंने फॉगिंग कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में विशेष फॉगिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।


