योगेश गजभिये पांढुरना*.जिले के पांढुर्णा शहर एवं सौसर नगर में आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आमजन की सुरक्षा, सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यात्रा के दौरान नगर क्षेत्र में भारी
मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 19 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे साईं मंदिर, सौसर से प्रारंभ होकर छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, बस स्टैंड, बाजार चौक, आंबेडकर चौक, टॉकीज चौक, विट्ठल मंदिर एवं सावता चौक होते हुए ज्योतिबा फुले चौक, सौसर में सम्पन्न होगी। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए नगर क्षेत्र में यातायात का अतिरिक्त दबाव रहने की संभावना है।
इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रा के समापन तक नगर क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस प्रशासन द्वारा वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे आमजन को न्यूनतम असुविधा हो तथा यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात संचालन में सहभागिता निभाएं।


