कटनी। कटनी जिले के सरसवाही शासकीय छात्रावास में पानी पीने और नाश्ता करने के बाद छह से आठ छात्राओं समेत एक शिक्षिका की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, छात्रावास में नाश्ता करने के कुछ देर बाद छात्राओं को उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बीमार छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भोजन और पानी के नमूने लेकर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर खाद्य विषाक्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्रावास की व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की जा रही है।


