कटनी (17 जुलाई ) – राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को पेंशन का लाभ नियमित एवं बिना किसी व्यवधान के मिलता रहे, इस उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा डिजिटल जीवन प्रमाणन का कार्य वार्डवार अभियान स्वरूप किया जा रहा है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने डिजिटल जीवन प्रमाणन कार्य की प्रगति की समीक्षा कर शेष बचे कार्य को प्राथमिकता से तय समय अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए है, ताकि हितग्राहियों को पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।
*अभियान का उद्देश्य*
उपयुक्त श्री शैलेश गुप्ता ने बताया कि एनएसएपी अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के पात्र हितग्राहियों का डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) तैयार किया जाना अनिवार्य है। डीएलसी पूर्ण न होने पर हितग्राहियों की पेंशन बाधित हो सकती है।
*मोबाइल एप से प्रमाणन*:
अभियान के प्रभावी संचालन हेतु क्षेत्रीय प्रभारियों, वार्ड दरोगाओं एवं प्रभारी वार्ड दरोगाओं को वार्डवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। जो वार्डवार सभी पात्र हितग्राहियों से संपर्क कर डीएलसी का कार्य मोबाइल एप के माध्यम से कर रहे है। निगम अमला शेष बचे हितग्राहियों से व्यक्तिगत संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रमाणन की प्रक्रिया पूर्ण करने में जुटा हुआ है।
*हितग्राहियों से अपील*
नगर पालिक निगम कटनी ने सभी पात्र पेंशन हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने वार्ड में नियुक्त निगम कर्मचारियों को सहयोग प्रदान करें और आधार कार्ड, बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर डिजिटल जीवन प्रमाणन अवश्य कराएं।
फोटो –


