रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय पर एसपीएम रेलवे क्रॉसिंग के पास खोजनपुर स्थित डेरा सच्चा सौदा की जमीन 8.4 एकड़ में से 6.4 एकड़ जमीन खरीदी में फर्जी तरीके से हुई रजिस्ट्री के गंभीर मामले में आरोपी अधिवक्ता सुशील गोयल की अग्रिम जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट और उच्च न्यायालय से निरस्त होने के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं। उक्त मामले में उनके दोनों पुत्र दिव्यांश और एकांश गोयल भी आरोपी हैं। जो कि करीब 1 वर्ष से निरंतर पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहे हैं। उक्त मामला विगत दिवस बुधवार को तब संज्ञान में आया, जब नगर में जैन समाज के कार्यक्रम में आरोपी अधिवक्ता सुशील गोयल खुलेआम घूमते हुए दिखे। इसके बाद यह मामला पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसडीओपी जितेंद्र पाठक के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुबह फरार आरोपी सुशील गोयल के पुत्र दिव्यांश गोयल को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को 2 दिन का पीआर मिला है। उक्त कारवाही में निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला, उपनिरीक्षक विशाल नागवे, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, आरक्षक मनीष यादव, रामभरोस पटेल, रोहन पवार, अनुज पटेल, दीप्ती यादव, रामकुमार वर्मा, भिक्कू यादव एवं वैभव श्रीवास्तव की विशेष भूमिका रही है। दूसरी तरफ पुलिस के लिए अब बड़ी चुनौती होगी कि फरार आरोपी सुशील गोयल को गिरफ्तार कर डेरा सच्चा सौदा जमीन का फर्जी तरीके से बेचने वाले विक्रेता छद्म व प्रतिरूपित व्यक्ति ओमप्रकाश बरेठा को पकड़ना?


