*योगेश गजभिये पांढुरना*.दादा धाम एक्सप्रेस ट्रेन को पुनः प्रारंभ कराने की मांग को लेकर निकली निशान पदयात्रा ने शुक्रवार को पहले दिन 38 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी की। पांढुर्णा स्थित शिव पंचायत श्री दादाजी दरबार में भव्य आरती-पूजन एवं आशीर्वाद के साथ श्रद्धालुओं का जत्था नंगे पांव खंडवा धाम के लिए रवाना हुआ।
श्रद्धालु पूरे दिन जयकारों और भजनों के साथ पैदल चलते हुए मां ताप्ती के उद्गम स्थल मुलताई पहुंचे। यहां सायंकाल आरती-पूजन, भजन-कीर्तन एवं पंगत प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि उनकी यह यात्रा परमहंस धूनीवाले श्री दादाजी महाराज के चरणों में दादा धाम एक्सप्रेस को पुनः शुरू कराने की अर्जी लगाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दादाजी महाराज की कृपा से उनकी यह मांग अवश्य पूरी होगी। यात्रा के दूसरे दिन शनिवार प्रातः आरती-पूजन के पश्चात निशान जत्था मुलताई से खंडवा धाम की ओर अगले पड़ाव के लिए रवाना होगा।


