कटनी – जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला रोजगार कार्यालय कटनी द्वारा सुरक्षा जवान भर्ती एवं रोजगार पंजीयन हेतु विकासखंड स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर कमांडेंट प्रशिक्षण केन्द्र सिंगरौली (म.प्र.) एवं SIS लिमिटेड के सहयोग से आयोजित होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुषमा विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जाएंगे। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपने क्षेत्र में इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगें, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थी इसका लाभ उठा सकें।
विकासखंडवार शिविर कार्यक्रम
जारी कार्यक्रम के अनुसार भर्ती शिविर 13 जुलाई से प्रारंभ होकर 21 जुलाई 2026 तक आयोजित होंगे। विकासखंड ढीमरखेड़ा में 13 जुलाई, कटनी में 14 जुलाई, रीठी में 15 जुलाई, विजयराघवगढ़ में 18 जुलाई, बड़वारा में 20 जुलाई तथा बहोरीबंद में 21 जुलाई को संबंधित जनपद पंचायत परिसरों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ शिविर में उपस्थित हों।
जिले के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, एसआईएस सिक्योरिटी में 1700 पदों पर होगी भर्ती
13 से 21 जुलाई तक चलेगा विकासखंड स्तरीय विशेष भर्ती अभियान
कटनी – जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन एवं जिला रोजगार अधिकारी सुश्री सुषमा विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में एसआईएस सिक्योरिटी लिमिटेड द्वारा 13 जुलाई से 21 जुलाई तक विकासखंड स्तरीय विशेष भर्ती अभियान आयोजित किया जा रहा है।
कंपनी के भर्ती अधिकारी श्री लक्ष्मी नारायण नें बताया कि यह भर्ती अभियान सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक जिले के सभी जनपद पंचायत मुख्यालयों में आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत लगभग 1700 पदों पर चयन किया जाएगा।
भर्ती शिविर का कार्यक्रम
जिला रोजगार अधिकारी सुषमा विश्वकर्मा ने बताया कि भर्ती अभियान के तहत 13 जुलाई को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा,14 जुलाई को जनपद पंचायत कटनी, 15 जुलाई को जनपद पंचायत रीठी, 18 जुलाई को जनपद पंचायत विजयराघवगढ़, 20 जुलाई को जनपद पंचायत बड़वारा तथा 21 जुलाई को जनपद पंचायत बहोरीबंद में भर्ती कार्यक्रम आयोजित होगा।
विभिन्न पदों का विवरण
इस भर्ती के माध्यम से 1400 सुरक्षा गार्ड, 140 सुरक्षा सुपरवाइजर, 40 सीआईटी /डीएच/एसएलवी, 10 टेक्निशियन व 110 जीटीओ कि भर्ती की जाएगी।
योग्यता एवं मापदंड
इस भर्ती प्रकिया में सम्मिलित होने के लिए इच्छुक आवेदक के पास शैक्षणिक योग्यता में 10वीं, 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण होना चाहिए। आवेदक की आयु सीमा 19 से 40 वर्ष होनी चाहिए। शारीरिक मापदंड में आवेदक की न्यूनतम ऊंचाई 165 सेमी और वजन 56 से 90 किलोग्राम होना चाहिए। इसके अतिरिक्त एनसीसी बी एवं सी प्रमाणपत्र धारकों को अधिकारी पदों हेतु विशेष प्राथमिकता एवं छूट दी जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल पर 10वीं की अंकसूची एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी नियमानुसार फॉर्म शुल्क 350 रूपये तथा जीटीओ पंजीयन शुल्क 500 रूपये जमा करना होगा।
प्रशिक्षण एवं वेतन
चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद एसआईएस रीजनल ट्रेनिंग सेंटर सिंगरोली में 30 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए जाना होगा। प्रशिक्षण अवधि में रहने और भोजन की व्यवस्था कंपनी द्वारा निःशुल्क की जाएगी। प्रशिक्षण के लिए आवश्यक यूनिफॉर्म हेतु 10,500 रूपये जमा करने होंगे जिसकी जीएसटी रसीद दी जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थियों की नियुक्ति कंपनी की आवश्यकता अनुसार मध्यप्रदेश एवं देश के विभिन्न राज्यों में की जाएगी।
चयनित आवेदको की नियुक्ति सुरक्षा सेवाएं भारत सरकार एवं राज्य सरकार के उपक्रमों, पुरातत्व विभाग, मेट्रो, अस्पतालों तथा प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में दी जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद अनुसार 18 हजार से 45 हजार प्रतिमाह तक वेतन के साथ पीएफ, ईएसआईसी, ग्रेच्युटी, बोनस, पेंशन, दुर्घटना बीमा 25 लाख रूपये तक ऋण सुविधा सहित अन्य कल्याणकारी सुविधाएं मिलेंगी।


