रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। सिटी कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर सरकारी बस स्टैंड के सामने क्षेत्र में होटल व ढाबा पर निरंतर ग्राहकों को शराब परोसने और बेचने की सूचनाओं पर सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने पुलिस टीम के साथ गुरुवार देर रात छापामार कार्यवाही की। इस दौरान पुलिस टीम ने बस स्टैंड गेट के पास पूछताछ कार्यालय के पीछे एक बंद कमरे को खुलवाकर वहां से अवैध शराब से भरे दो थैले भी जप्त किए। जहां पर पुलिस ने बैठकर पिलाने की पूरी व्यवस्था भी देखी। वहीं पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा के निर्देशन में एसडीओपी जितेंद्र पाठक के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला द्वारा नगर पालिका सीएमओ को पत्र
लिखकर दोनों होटल के लाइसेंस निरस्त करने के लिए लिखा है। वहीं पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 02 जुलाई को मुखबिर सूचना प्राप्त हुई बस स्टैण्ड के पास होटलों में अवैध शराब का विक्रय किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु कोतवाली पुलिस द्वारा बस स्टैण्ड के पास काकाश्री होटल व पहलवान होटल पर दबिश दी गई। जो पहलवान होटल से 18 क्वार्टर ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब एवं काका श्री होटल से 10 क्वार्टर ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब, 40 क्वार्टर देसी प्लेन शराब बरामद हुई। जिस पर पहलवान होटल के मैनेजर आयुष मनवारे पिता द्वारका प्रसाद मनवारे निवासी मेहरागांव इटारसी एवं काका श्री होटल के मैनेजर यश पिता विजय चौकसे निवासी गिन्नी कंपाउंड मीनाक्षी चौक नर्मदापुरम के विरुद्ध धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि दोनो होटलों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही प्रथक से की जाएगी।


