रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री द्वारा धार्मिक नगरी नर्मदापुरम में नर्मदा नदी के किनारे 5 किलोमीटर के दायरे में शराब विक्रय पर प्रतिबंध लगाया हुआ है जिसके बाद से नर्दापुरम नगर तस्करी का बड़ा केंद्र बन गया है। दूसरी तरफ रसूखदार शराब माफियाओ पर कलेक्टर सहित पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभावी कार्यवाही भी हो रही है। नवागत जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई कार्यवाही से शराब माफियाओ में हड़कंप मच गया।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा के मार्गदर्शन में नवागत जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी की टीम ने शुक्रवार को आबकारी विभाग द्वारा नर्मदापुरम शहर के बालागंज क्षेत्र में आकस्मिक दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम,1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत आरोपी संगीता पत्नी महेंद्र मेषकर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर 33 पेटी देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई। वहीं एक अन्य स्थान पर गुड्डी बाई पत्नी ब्रह्मा मेषकर के विरुद्ध धारा 34(1)(क) के अंतर्गत प्रकरण कायम कर 5 पेटी देशी मदिरा बरामद की गई। दोनों प्रकरणों में कुल 38 पेटी देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई वृत्त प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी रमेश अहिरवार के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राहुल कुमार ढोके तथा आबकारी उपनिरीक्षक अशोक माहोरे, अभिलाष पाठक एवं केके. पड़रिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


