पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना यातायात कटनी द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ओवर स्पीड वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान आधुनिक स्पीड मॉनिटरिंग उपकरणों की सहायता से तेज गति से वाहन चलाने वालों पर निगरानी रखी गई। जांच के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते हुए संचालित सफेद रंग फॉर्च्यूनर कार एस यू वी क्रमांक एमपी एम पी 07 सी जे 6655 एवं एम पी 21 सी बी 3024, सहित लक्जरी वाहनों को चिन्हित किया गया, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओवर स्पीड सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। निर्धारित गति सीमा से अधिक गति पर वाहन चलाने से चालक का नियंत्रण कम हो जाता है, प्रतिक्रिया देने का समय घट जाता है तथा दुर्घटना होने पर जन-धन की हानि की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा दायित्व है। यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की आदत विकसित करना है।
कटनी यातायात पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि—
निर्धारित गति सीमा का सदैव पालन करें।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन कर स्वयं तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की रक्षा करें।
कटनी यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।
संदेश :
“गति पर रखें नियंत्रण, सुरक्षित रहेगा आपका जीवन।”
“तेज़ रफ्तार नहीं, सुरक्षित सफर चुनें।”


