कटनी (27 जून) – नगर पालिक निगम कटनी द्वारा बिना सक्षम अनुमति के नगर के विभिन्न वार्डों में आम नागरिकों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों एवं भवन अनुज्ञा की शर्तों के विपरीत किए जा रहे निर्माण पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार प्रातः प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निगम के अतिक्रमण अमले ने दुगाड़ी नाला के समीप स्थित राय कॉलोनी में निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चार भवनों में बिना सक्षम अनुमति निर्माण कार्य कराया जाना पाया गया। इस पर निगम की टीम ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाते हुए नियमानुसार पंचनामा तैयार किया तथा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त करने की कार्रवाई की।
निगम प्रशासन द्वारा संबंधित निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भवन निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व सक्षम प्राधिकारी से विधिवत भवन अनुज्ञा प्राप्त करना अनिवार्य है। आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि भवन निर्माण से पूर्व सभी आवश्यक वैधानिक अनुमतियां प्राप्त करें तथा निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके। निगम द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माण कार्यों के विरुद्ध निरीक्षण एवं कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा।


