कटनी (27 जून) – नगर पालिक निगम कटनी द्वारा पेयजल आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस लाइन क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य सफलतापूर्वक शीघ्र पूर्ण कर लिया गया। इसके परिणामस्वरूप शनिवार प्रातः कवास जी वार्ड में नागरिकों को पर्याप्त दबाव के साथ सुचारू एवं शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई।
जलप्रदाय शाखा द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 33 एवं 37 स्थित एम्बुलेंस रोड में मोहर्रम पर्व के अवसर पर टेंट लगाने के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। सूचना मिलते ही नगर निगम की जलप्रदाय शाखा की टीम मौके पर पहुंची और नागरिकों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य प्रारंभ किया। टीम ने अल्प समय में पाइपलाइन लीकेज का सुधार कर पेयजल व्यवस्था को पुनः सामान्य कर दिया।
जलप्रदाय शाखा के अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण शुक्रवार को कावस जी वार्ड के कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से पेयजल आपूर्ति हुई थी। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद शनिवार प्रातः वार्ड में पेयजल आपूर्ति की विशेष निगरानी एवं जांच की गई। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की सभी गलियों में पर्याप्त दबाव के साथ शुद्ध पेयजल की सुचारू आपूर्ति पाई गई, जिसकी पुष्टि स्थानीय रहवासियों ने भी की।
नगर निगम ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को निर्बाध, स्वच्छ एवं पर्याप्त दबाव के साथ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।


