कालापीपल (बब्लू जायसवाल)। क्षेत्रीय विधायक घनश्याम चंद्रवंशी द्वारा आयोजित ‘आम पार्टी’ में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में आम का स्वाद लेने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “हरा-भरा कालापीपल” अभियान के तहत पौधारोपण कर अधिक से अधिक लोगों को हरियाली से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने बताया कि कालापीपल विधानसभा में चार लाख पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर महाअभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तभी यह अभियान सफल होगा और क्षेत्र हराभरा बनेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान तथा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी के “हरा-भरा कालापीपल” अभियान को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पेड़ पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं आम पार्टी में पहुंचे लोगों ने आम का आनंद लेते हुए अभियान की सराहना की और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दोहराया।
फोटो कैप्शन: विधायक घनश्याम चंद्रवंशी की आम पार्टी में पौधारोपण करते हुए तथा उपस्थित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक।


