कटनी – ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के अंतर्गत जिले के श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार-ऋषिकेश तीर्थ यात्रा 3 जुलाई से 6 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। इस यात्रा के लिए विशेष ट्रेन दमोह से रवाना होकर कटनी और सतना मार्ग से होते हुए हरिद्वार पहुंचेगी तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसी मार्ग से वापसी करेगी। इस यात्रा हेतु कटनी जिले को कुल 262 सीटें आवंटित की गई हैं।
यात्रा के सफल संचालन और व्यवस्थाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा विभिन्न स्तरों पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जारी आदेश के अनुसार शहरी क्षेत्रों में नगर निगम स्तर पर उपायुक्त, नगर पालिका एवं नगर परिषद स्तर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा ग्रामीण एवं विकासखंड स्तर पर संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालु सुगमता से तीर्थ यात्रा का लाभ उठा सकें।


