MP NEWS CAST
कटनी – नागरिकों की सुरक्षा एवं संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की सघन जांच की जा रही है। आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर मंगलवार को निगम के फायर सेफ्टी दल के उपयंत्री हिमांशु गौतम, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह द्वारा विगत दिवस नगर के विभिन्न होटलों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन व्यवस्थाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बी.डी. अग्रवाल वार्ड स्थित राहुल पैलेस तथा सुभाष चौक स्थित देश भंडार स्वीट्स में फायर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं एवं दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ आवश्यक कमियां पाए जाने पर संबंधित संचालकों को दस्तावेजी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप फायर सेफ्टी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय अवधि के पश्चात पुनः निरीक्षण किया जाएगा। यदि कमियों का निराकरण नहीं पाया गया तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निगम प्रशासन ने सभी होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान एवं सार्वजनिक उपयोग के भवन संचालकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की हानि को रोका जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित बनी रहे।


