पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले को नशामुक्त बनाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 11.06 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये है। मामले में एक पुरुष आरोपी एवं स्मैक उपलब्ध कराने वाली महिला को गिरफ्तार किया गया है।
कोतवाली पुलिस को बैलट घाट एवं खिरहनी फाटक क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री संबंधी लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इसी क्रम में 05 जून 2026 को क्षेत्र भ्रमण एवं गश्त के दौरान बैलट घाट रेलवे मैदान में एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर छिपने एवं भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम लाला उर्फ संतोष निषाद (56 वर्ष), निवासी खिरहनी फाटक, कटनी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पारदर्शी पॉलीथीन में रखा हल्के सफेद-भूरे रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला, जो जांच में स्मैक पाया गया। तौल करने पर इसकी मात्रा 11.06 ग्राम निकली।
आरोपी के विरुद्ध धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पूछताछ में उसने बताया कि उसे यह स्मैक बिक्री हेतु धनपतिया निषाद (48 वर्ष), निवासी खिरहनी फाटक, कटनी द्वारा उपलब्ध कराई गई थी तथा बिक्री पर उसे कमीशन मिलता था। आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 569/2026 अंतर्गत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट एवं 49 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
*गिरफ्तार आरोपी-*
लाला उर्फ संतोष निषाद, पिता दुर्गा निषाद, उम्र 56 वर्ष, निवासी खिरहनी फाटक, कटनी।
धनपतिया निषाद, पति स्व. संतोष निषाद, उम्र 48 वर्ष, निवासी खिरहनी फाटक, थाना कोतवाली, कटनी।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार महिला पूर्व से एनडीपीएस के मामलों में संलिप्त रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
*पुलिस टीम की विशेष भूमिका -* इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी उपनिरीक्षक किशोर द्विवेदी, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, आरक्षक प्रवीण सिंह, दीपक तिवारी, महिला आरक्षक अनामिका तिवारी एवं रूपाली यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

