योगेश गजभिये पांढुरना*.विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक नवांकुर संस्था युथ ऑफ सौसर एसोसिएशन द्वारा दो स्थानों पिपलानारायणवार एवं ग्राम जाम में पौधारोपण, स्वच्छता एवं जल संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं विकासखंड समन्वयक अनिल बोबडे के निर्देशन में सामाजिक नवांकुर संस्था यूथ ऑफ सौसर एसोसिएशन के माध्यम से विकासखंड सौसर के सेक्टर क्रमांक-1 के पिपलानारायणवार में नगर पालिका अध्यक्ष अरुणा चौधरी एवं नवांकुर संस्था के गोपाल कोठे की उपस्थिति में श्रमदान कर हैंडपंप की साफ-सफाई की गई। इस दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के तीन प्रमुख चरणों के संबंध में ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
जल संरक्षण का दिया संदेश, एक-एक बूंद के संग्रहण पर दिया जोर
कार्यक्रम में परामर्शदाता सुनील डोंगरे ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एक-एक बूंद के संग्रहण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन को जल से समृद्ध बनाने के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने बताया कि जल संरक्षण अभियान को स्वप्रेरणा एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से निरंतर चलाया जाएगा।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत जाम के शासकीय हाईस्कूल परिसर में ग्राम सरपंच मनोज ठाकरे, वृक्षमित्र अरुण गुरूजी ठाकरे, यूथ ऑफ सौसर एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सोमकुवर, प्राचार्य प्रमोद लोनारे, नगर विकास प्रस्फुटन समिति के दिनेश पाटील एवं संदीप बनाईत चरडे सर की उपस्थिति में वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम में वसुंधरा ग्रामीण विकास जनकल्याण समिति के सदस्य, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


