योगेश गजभिये पांढुरना*.सामान्य सभा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की कार्यवाही जनपद अध्यक्ष लता तुमडाम की अध्यक्षता एवं सदस्योंगणों की उपस्थिति में प्रारंभ की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
लोक निर्माण विभाग द्वारा विकासखंड पांढुर्णा में संचालित निर्माण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बताया गया कि विकासखंड की 7 ग्राम पंचायतों में मरम्मत कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनका कार्य डामरीकरण के माध्यम से किया जाएगा। इसी प्रकार कामठीकला से लेंदागोंदी मार्ग पर गिट्टीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि डामर की कमी के कारण वर्तमान में कार्य अपूर्ण है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि कुपोषण तथा सिकल सेल से प्रभावित बच्चों को एन.आर.सी. में भर्ती कराकर उनका उपचार किया जा रहा है। साथ ही आयुष्मान योजना के तहत 70 वर्ष आयु के व्यक्तियों के कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे वे किसी भी शासकीय अस्पताल में निःशुल्क उपचार प्राप्त कर सकते हैं। विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि विकासखंड की 63 ग्राम पंचायतें टी.बी. मुक्त हो चुकी हैं।
बैठक में विद्युत विभाग से संबंधित समस्याएं भी उठाई गईं। नांदनवाड़ी क्षेत्र में दो से तीन दिन तक बिजली बंद रहने के कारण तिगांव, नारायणघाट, काराघाटकामठी, पलासपानी एवं जामघाट सहित अन्य ग्रामों के ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों का उल्लेख करते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
कृषि विभाग द्वारा बताया गया कि ई-टोकन एवं किसान फार्मर आईडी के आधार पर खाद एवं बीज का वितरण किया जा रहा है। विभाग के पास अनुदान के रूप में कपास एवं मूंगफली के बीज उपलब्ध हैं, जिनका वितरण क्लस्टर के अनुसार किया जाएगा।
उद्यानिकी विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि फलों एवं संतरे के पौधों के लिए भी अनुदान राशि स्वीकृत की जाती है। किसान ऑनलाइन पंजीयन कर शासन की योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत सिवनी में मिडिल स्कूल को डिस्मेंटल किए जाने के बाद भी नए भवन का निर्माण नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। साथ ही मिडिल स्कूलों में महिला एवं पुरुष शौचालयों के निर्माण की मांग भी की गई।
बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित सुझाव एवं मांगें रखी गईं। तत्पश्चात आभार प्रदर्शन के साथ बैठक समाप्ति की घोषणा की गई।


