भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के मुखिया कैलाश मकवाणा के विशेष प्रयासों से प्रदेश पुलिस के 59 अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान वर्ष 2022-23 और 2023-24 के लिए उत्कृष्ट एवं सराहनीय पुलिस सेवाओं के आधार पर प्रदान किया गया है।
डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने दोनों वर्षों के लिए पुरस्कारों की घोषणा करते हुए बताया कि पुलिस बल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने तथा सेवा में उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह सम्मान प्रदान किया जाता है।
घोषित पुरस्कारों के अनुसार वर्ष 2022-23 के लिए 24 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों तथा वर्ष 2023-24 के लिए 35 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को परम विशिष्ट, अति विशिष्ट एवं विशिष्ट श्रेणी के के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
डीजीपी श्री मकवाणा ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उत्कृष्ट सेवाएं पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पुरस्कार प्राप्त अधिकारी-कर्मचारी भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करते हुए पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाएंगे।

मध्यप्रदेश पुलिस में यह सम्मान उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा, साहस और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार से सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी कार्यकुशलता और समर्पण का परिचय दिया है।


