गश्त बढ़ाने, चिन्हित अपराधियों पर कड़ी निगरानी और आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश*
कटनी। जबलपुर रेंज के डीआईजी अतुल सिंह ने सोमवार को कटनी के कोतवाली थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना अभिलेखों, विभिन्न रजिस्टरों, लंबित प्रकरणों तथा अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
डीआईजी श्री सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, चिन्हित अपराधियों पर सतत निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर की यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डेहरिया ने कोतवाली थाना क्षेत्र की चुनौतियों और उनके समाधान के लिए की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया।
निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने थाना स्टाफ को बेहतर पुलिसिंग, जनसहयोग और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।


