कटनी जिले के कुठला थाना अंतर्गत ग्राम पटेहरा से ताल्लुक रखने वाले शातिर चंदन चोर गिरोह को सतना जिले की नागौद थाना पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरोह दिन में रुद्राक्ष की माला बेचने के बहाने बस्तियों और गांवों में रेकी करता था और रात के अंधेरे में कीमती चंदन के पेड़ों पर आरी चला देता था। पुलिस ने गैंग के 5 सयाने आरोपियों और 1 अपचारी बालक को हिरासत में लिया है, जिनमें से 4 आरोपी अकेले कटनी जिले के हैं।
*कचलोहा गांव में दी थी वारदात को अंजाम*
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नागौद के ग्राम कचलोहा में बीती 24-25 मई और 29-30 मई की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने दो बार में दो-दो चंदन के पेड़ काटकर सनसनी फैला दी थी। लगातार हो रही चोरियों के बाद पुलिस हरकत में आई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
*खैरा गांव के पास डेरे पर दबिश, कटनी के आरोपी दबोचे*
सटीक सूचना के आधार पर नागौद पुलिस ने खैरा गांव के बाहर डले एक डेरे पर अचानक छापामार कार्रवाई की। यहाँ से पुलिस ने घेराबंदी कर 5 आरोपियों और एक अपचारी बालक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चंदन चोरी की वारदात कुबूल की।
*पकड़े गए आरोपियों की सूची:*
* ईजुब पारदी (20 वर्ष) – निवासी पटेहरा, थाना कुठला, जिला कटनी
* श्रीमती मकौआ पारदी (19 वर्ष) – निवासी पटेहरा, थाना कुठला, जिला कटनी
* श्रीमती अक्सेना उर्फ गुलगुली पारदी (22 वर्ष) – निवासी पटेहरा, थाना कुठला, जिला कटनी
* चमरा उर्फ राजू पारदी (23 वर्ष) – निवासी पटेहरा, थाना कुठला, जिला कटनी
* श्रीमती डई पारदी (30 वर्ष) – निवासी देवरी, थाना बीजा डांडी, जिला मंडला
* एक अपचारी (नाबालिग) बालक
*बरामदगी*: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चंदन की लकड़ी के 24 टुकड़े (अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये), वारदात में इस्तेमाल की गई आरी ब्लेड और एक मोटरसाइकिल (MP 21 ZE 7038) जब्त की है।


