पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर…
अवैध शराब के खिलाफ पवई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1665 लीटर अवैध देशी शराब और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसके मंसूबों पर बड़ा प्रहार किया है।
पन्ना पुलिस द्वारा जिले भर में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पवई थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार को मुखबिर से सूचना मिली कि गुनौर-सलेहा मार्ग से बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध पिकअप वाहन अवैध शराब लेकर पवई की ओर आ रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और वाहन की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को नारायणपुर की ओर मोड़ दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी चिमनी भट्टा के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 185 पेटी अवैध देशी प्लेन शराब बरामद हुई। कुल 1665 लीटर शराब की कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं पिकअप वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 18 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पन्ना जिले में अवैध शराब के खिलाफ यह हाल के दिनों की बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार तस्कर और उसके नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
🚨 पन्ना में शराब माफियाओं पर बड़ा वार
🚔 1665 लीटर अवैध शराब जब्त
💥 18.50 लाख की संपत्ति बरामद
⚡ पवई पुलिस की बड़ी कार्रवाई
🔥 तस्कर फरार, तलाश जारी
🚨 सुशील अहिरवार की टीम का एक्शन 🚨


