कटनी (07 मई) – ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के अंतर्गत हरिद्वार-ऋषिकेश की तीर्थ यात्रा हेतु आवेदन की अंतिम तिथि और यात्रा तिथि में संशोधन किया गया है। कटनी जिले के वरिष्ठ नागरिक अब 25 जून तक निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 3 मई निर्धारित की गई थी। अब यह यात्रा 3 जुलाई से 6 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। पूर्व में यह यात्रा 11 मई से 14 मई तक आयोजित की जानी थी।
यात्रा हेतु विशेष ट्रेन दमोह से प्रारंभ होकर कटनी, सतना होते हुए हरिद्वार जाएगी और इसी मार्ग से वापस लौटेगी। इस यात्रा के लिए कटनी जिले को कुल 262 सीटें आवंटित की गई हैं।
नोडल अधिकारी नियुक्त
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत हरिद्वार ऋषिकेश तीर्थयात्रा हेतु आमजन से आवेदन पत्र प्राप्त करने एवं संपूर्ण व्यवस्था करने हेतु शहरी क्षेत्र से नगर निगम स्तर पर उपायुक्त, नगर पालिका व नगर परिषद स्तर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी और ग्रामीण एवं विकासखंड स्तर पर संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
श्रद्धालुओं को फोन कर दी जाएगी सूचना
सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गये हैं कि वे अपने क्षेत्रों के पंजीकृत सभी यात्रियों को फोन (दूरभाष) लगाकर इस तारीख परिवर्तन की व्यक्तिगत रूप से जानकारी दें। साथ ही, सभी नोडल अधिकारियों को संशोधित तिथियों के अनुसार अपनी तैयारियां पूर्ण रखने को कहा गया है।
आवेदन हेतु पात्रता
आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए (महिलाओं के लिए 2 वर्ष की छूट है)। 65 वर्ष से अधिक आयु के आवेदक अपने साथ एक सहायक ले जा सकते हैं। यदि पति-पत्नी साथ यात्रा कर रहे हैं, तो उनमें से एक की आयु पात्रता होने पर दूसरे को भी पात्रता मिलेगी। आवेदन पत्र के साथ समग्र आईडी, वोटर आईडी या आधार कार्ड संलग्न करना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट www.dharmasva.mp.gov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है।


